Home ताजा खबरउल्हासनगर में गुंडों का तांडव, सैकड़ों वाहनों में तोड़फोड़ से दहशत

उल्हासनगर में गुंडों का तांडव, सैकड़ों वाहनों में तोड़फोड़ से दहशत

by admin
0 comments

दशहरा मैदान क्षेत्र में आधी रात को हुड़दंग, पुलिस जांच में जुटी

उल्हासनगर। उल्हासनगर में देर रात गुंडों के एक गिरोह ने आतंक मचाते हुए सैकड़ों वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। घटना दशहरा मैदान स्थित भाऊ गोप बहरानी चौक क्षेत्र की है, जहाँ शनिवार की आधी रात दर्जनों मनचलों ने हुड़दंग मचाते हुए सड़कों पर खड़ी कारों, टेम्पो और मोटरसाइकिलों को निशाना बनाया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 25 से 30 की संख्या में युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अचानक मौके पर पहुंचे और अंधाधुंध तोड़फोड़ शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में उन्होंने 7–8 कारें, कई टेम्पो और 15–20 मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त कर दीं। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी रोष देखा गया।

सूचना मिलते ही कैम्प नंबर 3 पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हुड़दंगियों का उद्देश्य इलाके में भय और अफरातफरी फैलाना था। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के पीछे कोई गुटीय रंजिश या आपराधिक साजिश है या नहीं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तोड़फोड़ में शामिल युवकों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस इलाके में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ महीनों पहले भी कमला नेहरू नगर, म्हारल गांव, वरप और कांबा के बीच इसी तरह की वारदातें सामने आई थीं। नागरिकों का कहना है कि यदि पहले की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की गई होती तो ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होती।

उल्हासनगर में लगातार बढ़ते असामाजिक तत्वों के मनोबल से नागरिकों में भय व्याप्त है। फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब वक्त आ गया है जब पुलिस को इलाके में सख्त कार्रवाई कर इन असामाजिक तत्वों को सबक सिखाना होगा, ताकि शहर में फिर से शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00