इंस्टाग्राम दोस्ती के नाम पर 92 लाख की ठगी, ईडी की फर्जी रेड का सहारा लेकर वसूले लाखों

कल्याण–डोंबिवली में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर शादी का भरोसा दिलाने वाले एक रील स्टार द्वारा युवती से 92 लाख 75 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी शैलश प्रकाश रामुगडे ने सोशल मीडिया पर महंगी कार, गहने और आलीशान जीवनशैली दिखाकर युवती का भरोसा जीता और बाद में ईडी की रेड से बचाने का झांसा देकर उससे भारी रकम ऐंठ ली।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती को बताया कि उसके घर ईडी की छापेमारी हुई है, जिसमें 2 किलो सोना और 1 करोड रुपये जब्त किए गए हैं। उसने दावा किया कि अगर वह कुछ रकम और सोने के गहने दे देगी तो केस हट सकता है और जब्त पैसा छुड़ाया जा सकता है।

युवती इस बातों में आकर पहले 51.50 लाख रुपये नकद और फिर लाखों के सोने के गहने आरोपी को देती गई। बाद में सामने आया कि आरोपी ने यह सब खुद के पास रख लिया और युवती से कुल 92.75 लाख की ठगी कर ली।

विष्णुनगर पुलिस ने शैलश रामुगडे को गिरफ्तार कर उसके पास से 37 तोला सोना, चार महंगे मोबाइल फोन और एक बीएमडब्ल्यू कार जब्त की है। जांच में यह भी पता चला है कि कापुरबावडी पुलिस थाने में भी आरोपी के खिलाफ दो धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं, जिनमें वह युवतियों को शादी का विश्वास दिलाकर पैसे लेता था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर मॉडल और रील स्टार होने का दिखावा कर भावनात्मक ब्लैकमेल के जरिये युवतियों से पैसा वसूलने का आदी है। अधिकारियों को आशंका है कि इस मामले में और भी पीडित सामने आ सकते हैं। जांच जारी है।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान