वसई। पालघर जिले के वसई क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। अपनी 16 साल की भांजी कोमल सोनार को चलती लोकल ट्रेन से धक्का देकर मौत के घाट उतारने के आरोप में मामा अर्जुन सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 17 नवंबर 2025 की है और मामला भाईंदर-नायगांव रेलवे ट्रैक के बीच का है।
परिवार के मुताबिक कोमल 15 नवंबर को अचानक घर से निकल गई थी। अगले दिन सुबह वह नालासोपारा स्थित अपने छोटे मामा अर्जुन सोनी के घर पर मिली। बड़ी मामी अंजली सोनी उसे लेने पहुंचीं, लेकिन उससे पहले ही कोमल फिर गायब हो गई। शक होने पर अंजली ने वालीव पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया।
शिकायत के कुछ घंटे बाद ही कोमल के मोबाइल से अर्जुन सोनी ने परिवार को फोन किया और बताया कि लड़की उसके पास है, लेकिन बार-बार बुलाने पर भी वह कोमल को घर नहीं लाया। अगले दिन यानी 17 नवंबर को कोमल की मां को पता चला कि भाईंदर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक लड़की की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई है। जब वह थाने पहुंचीं तो हैरानी हुई कि अर्जुन पहले से ही पुलिस हिरासत में था।
रेलवे पुलिस की प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि अर्जुन और कोमल भाईंदर स्टेशन से चर्चगेट-विरार फास्ट लोकल की फर्स्ट क्लास बोगी में सवार हुए थे। ट्रेन नायगांव स्टेशन के पास पहुंची तो दरवाजे पर खड़ी कोमल को अर्जुन ने पीछे से जोरदार धक्का दे दिया। कोमल ट्रैक पर जा गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ट्रेन में मौजूद विरार निवासी यात्री विक्रम नंदू झा ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। उन्होंने शोर मचाया और अन्य यात्रियों की मदद से अगले स्टेशन पर आरोपी अर्जुन को पकड़ लिया। यात्रियों ने उसे रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। विक्रम झा का बयान वसई रोड जीआरपी ने दर्ज कर लिया है।
कोमल का शव पोस्टमार्टम के लिए भाईंदर के टेंभा अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल आरोपी अर्जुन सोनी वालीव पुलिस की हिरासत में है और पूछताछ जारी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मामा ने अपनी भांजी के साथ इतनी हैवानियत क्यों की? अभी तक कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। परिवार पूरी तरह टूट चुका है। पुलिस दोनों थानों की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी के इरादे और पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।
