मुंबई के चारकोप इलाके में दोपहर करीब 2 बजे दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति को गोली लगी है वह पेशे से बिल्डर बताया जा रहा है। घटना कांदिवली स्थित गरूड पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। बिल्डर को दो गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर हलचल मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस इस हमले को आपसी रंजिश, विवाद या अन्य किसी आपराधिक एंगल से जोड़कर जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीम तैनात कर दी गई है।
घटना के बाद चारकोप और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें।
