विरार। पानी भरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मंगलवार देर रात एक बड़ी त्रासदी में बदल गया। विरार पश्चिम के जेपी नगर इलाके में 57 वर्षीय उमेश पवार की मौत तब हो गई जब उनकी पड़ोसी महिला ने गुस्से में आकर उनके चेहरे पर मच्छर मारने वाला स्प्रे फेंक दिया। स्प्रे के रासायनिक प्रभाव से पवार की हालत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
घटना जेपी नगर स्थित इमारत नंबर 15 की है, जहां उमेश पवार अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके सामने रहने वाली 46 वर्षीय कुंदा तुपेकर, जो पेशे से नर्स हैं, से पानी भरने को लेकर उनका पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। गुस्से में तुपेकर ने अचानक पवार के चेहरे पर मच्छर मारने वाला स्प्रे छिड़क दिया। स्प्रे लगते ही पवार बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजन और पड़ोसी उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन करीब डेढ़ घंटे के उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अर्नाला सागरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने कुंदा तुपेकर के खिलाफ सदोष मानव वध (Culpable Homicide Not Amounting to Murder) का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अर्नाला सागरी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय पाटिल आगे की जांच कर रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।
