slug: santacruz-daughter-loots-fathers-house-with-lover-arrested
प्यार के लिए घर में चोरी, बेटी निकली पिता के घर की लुटेरी ….सांताक्रुज में 18.60 लाख की चोरी का सनसनीखेज खुलासा, बेटी और प्रेमी गिरफ्तार
मुंबई । प्यार और भविष्य संवारने की चाह ने एक बेटी को चोर बना दिया। सांताक्रुज इलाके में एक किराना व्यापारी के घर से हुई करीब 18 लाख 60 हजार रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए कारोबारी की बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि इस चोरी के पीछे किसी बाहरी गिरोह का नहीं, बल्कि खुद घर की बेटी का ही हाथ था, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पूरे घटनाक्रम को साजिश के तहत अंजाम दिया।
सांताक्रुज पुलिस के अनुसार, आरोपी युवती का नाम निकिता धनजी हाथियानी है, जबकि उसका प्रेमी रविंद्र नारायण निरकर है। दोनों को गिरफ्तार कर बांद्रा स्थित अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 10 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पिता के घर बेटी द्वारा प्रेमी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने की घटना से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा इलाका स्तब्ध है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता धनजी हाथियानी मूल रूप से गुजरात के कच्छ जिले के रहने वाले हैं। सांताक्रुज में वह पिछले करीब 10 वर्षों से अपने परिवार के साथ रह रहे हैं और ‘गणेश ट्रेडर्स’ नाम से उनका बड़ा किराना कारोबार है। परिवार में धनजी, उनकी पत्नी तेजी, बेटी निकिता और बेटा केतन शामिल हैं। परिवार के सदस्यों को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि घर में हुई चोरी के पीछे उनकी अपनी बेटी शामिल हो सकती है।
जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर को धनजी हाथियानी की पत्नी तेजी अपनी बेटी निकिता के साथ बाजार गई हुई थीं। जब दोनों वापस घर लौटीं तो उन्होंने देखा कि बेडरूम में रखे लोहे के बॉक्स से 12 लाख रुपये नकद और करीब 13 तोला सोने के आभूषण गायब हैं। ये नकदी दुकान से हुई कमाई और गुजरात में बेची गई पुश्तैनी जमीन से मिली रकम थी, जबकि आभूषण करीब छह लाख रुपये से अधिक मूल्य के थे।
घर में काफी खोजबीन के बाद भी जब नकदी और जेवरात नहीं मिले तो धनजी ने सांताक्रुज पुलिस स्टेशन में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और शुरुआत में इसे किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा की गई चोरी माना गया। हालांकि, जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, मामले ने नया मोड़ ले लिया।
पुलिस को जांच के दौरान निकिता के बयानों में लगातार विरोधाभास दिखाई देने लगे। इसके अलावा उसके मोबाइल फोन रिकॉर्ड, कॉल डिटेल्स और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी कई संदिग्ध जानकारियां सामने आईं। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक का घर के आसपास आना-जाना भी देखा गया, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
जब पुलिस ने निकिता से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई और उसने अपने प्रेमी रविंद्र के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने की बात कबूल कर ली। निकिता ने पुलिस को बताया कि वह और रविंद्र कई वर्षों से रिलेशनशिप में थे और दोनों शादी करना चाहते थे। शादी के बाद भविष्य सुरक्षित रखने और आर्थिक मजबूती के लिए उन्होंने अपने ही घर में चोरी की योजना बनाई। निकिता को घर में रखी नकदी और गहनों की पूरी जानकारी थी। उसी योजना के तहत वह जानबूझकर मां को लेकर बाजार गई, ताकि प्रेमी रविंद्र को चोरी करने का पूरा मौका मिल सके।
निकिता की निशानदेही पर पुलिस ने उसके प्रेमी रविंद्र निरकर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि चोरी की गई रकम और गहनों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
इस मामले ने रिश्तों में भरोसे, लालच और अपराध के खतरनाक मेल को उजागर कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
