पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि, तीन नाबालिग हिरासत में
मुंबई : उपनगर भांडुप में 14 वर्षीय किशोर की हत्या कर शव को तालाब में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुरुआती तौर पर इसे डूबने से हुई मौत माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान सिद्धेश लोंढे (14) के रूप में हुई है, जो भांडुप के तुलशेतपाड़ा इलाके का निवासी और आठवीं कक्षा का छात्र था। 22 फरवरी को वह खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने भांडुप पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी बीच अगले दिन मुलुंड स्थित विहार तालाब में एक किशोर का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पहचान के बाद स्पष्ट हुआ कि वह शव सिद्धेश का ही है। चूंकि स्थानीय बच्चे अक्सर विहार तालाब में तैरने जाते हैं, इसलिए प्रारंभिक जांच में पुलिस ने डूबने की आशंका जताई और आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा।
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सिद्धेश की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई है। रिपोर्ट में डूबने के स्पष्ट संकेत नहीं मिले, जिससे हत्या की आशंका मजबूत हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की दिशा बदलते हुए हत्या का मामला दर्ज किया और जांच तेज कर दी।
सूत्रों के अनुसार, सिद्धेश अपने कुछ दोस्तों के साथ था और इलाके में दबंगई करता था। इसी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की गई और बाद में घटना को हादसा दिखाने के लिए शव तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। एक किशोर की हत्या में उसके ही दोस्तों की कथित संलिप्तता ने समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।