
वसई। नालासोपारा आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज का “नक्षत्र 2026” वार्षिकोत्सव लता मंगेशकर नाट्यगृह, मिरा रोड में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इसी वर्ष से शुरू किया गया अंतर महाविद्यालयीन फैशन शो प्रतियोगिता “अदा – द वॉक ऑफ ग्रेस” का आयोजन किया गया, जिसमें मुंबई के कई कॉलेजों ने हिस्सा लिया। फिल्मी दुनिया के मशहूर कलाकार अरमान साहिल, नेहा पटेल और दीपा देव ने प्रतियोगिता में जज की भूमिका निभाई और तीन विजेता टीमों की घोषणा की।
इस कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार दविंद्र खन्ना उपस्थित थे। प्रतियोगिता में प्रथम क्रमांक आर. ए. पोद्दार आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, वरळी, द्वितीय क्रमांक नालासोपारा आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज, नालासोपारा, और तृतीय क्रमांक रिद्धि विनायक नर्सिंग कॉलेज, नालासोपारा को प्राप्त हुआ।
बेस्ट वॉक के लिए शर्वरी परब और लक्ष्मी परिहार तथा बेस्ट कॉस्ट्यूम के लिए शिवानी प्रभू और प्रतीक्षा जाधव के नाम घोषित किए गए। इसके बाद वार्षिक उत्सव “नक्षत्र 2025–26” में विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटिका, गाना, और फैशन शो जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
साल भर हुई कला, क्रीड़ा और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में प्रथम क्रमांक पाने वाले सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
- प्रथम वर्ष आयुर्वेदाचार्य विशाखा कट्टे
- द्वितीय वर्ष आयुर्वेदाचार्य कशिश पोतदार
- अंतिम वर्ष आयुर्वेदाचार्य वैभवी सोनवणे
राष्ट्रीय सेवा योजना में लगातार उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थी प्रणव महाजन को “एन.एस.एस. एक्सलेंस अवार्ड” से सम्मानित किया गया। साथ ही पूरे साढ़े पाँच साल के कोर्स में सभी क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सुरेल विनायक भिडे को “स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2025–26” से सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को सर्टिफिकेट, मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। फैशन शो प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को नकद पुरस्कार, सर्टिफिकेट, मेडल और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. उदय निरगुडकर ने वार्षिक पत्रिका “कृती – द वर्ल्ड ऑफ एन.ए.एम.सी. 2025–2026” का विमोचन किया, जिसमें कॉलेज की साल भर की गतिविधियों की झलक प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. उदय निरगुडकर ने कहा, “आप यहां डॉक्टर बनने के उद्देश्य से आए हैं, लेकिन इसके लिए आपके अंदर लगन, मेहनत, अनुशासन और नियमितता के साथ-साथ नवाचार के विचार होना आवश्यक है।” उन्होंने इस संबंध में कई अन्वेषक, उद्यमी और विद्वानों के उदाहरण देकर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
अपने भाषण में विशेष अतिथि आर्किटेक्ट निलेश कारखानीस ने कहा, “पिछले कई सालों से इस कॉलेज से मेरा करीबी रिश्ता रहा है और मैंने यहां की लगातार प्रगति और सफलता को करीब से देखा है। मुझे पूरा भरोसा है कि इस कॉलेज का हर विद्यार्थी भविष्य में अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतरीन काम करके कॉलेज का नाम रोशन करेगा।”
कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष शामसुंदर दुबे, अध्यक्ष जयप्रकाश दुबे, संस्था के सचिव एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. ओमप्रकाश दुबे, संस्था की विश्वस्त एवं स्त्रीरोग प्रसूति तंत्र विभाग प्रमुख डॉ. ऋजुता दुबे, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. हेमलता शेंडे, महाविद्यालय के सभी विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थी परिषद के जनरल सेक्रेटरी गौरव मिश्रा ने सभी का धन्यवाद किया।