
नागपुर। मध्य भारत के मरीजों को अब अत्याधुनिक और विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। 461 बेड की क्षमता वाले ‘नेशनल हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट’ नामक आधुनिक मल्टी स्पेशलिटी और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का भूमिपूजन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय भूपृष्ठ परिवहन मंत्री नितीन गडकरी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की प्रमुख उपस्थिति में किया गया।
यह महत्वाकांक्षी चिकित्सा परियोजना धरमपेठ स्थित नॉर्थ अंबाझरी मार्ग पर डॉ. आबाजी थत्ते सेवा एवं अनुसंधान संस्था द्वारा शुरू की जा रही है। इस अवसर पर राजस्व मंत्री तथा नागपुर के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, राज्य के वित्त राज्यमंत्री एडवोकेट आशिष जयस्वाल, महापौर नीता ठाकरे, पूर्व सरकार्यवाह भैय्याजी जोशी, संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट सुनील मनोहर, उपाध्यक्ष अजय संचेती, सचिव शैलेश जोगळेकर और कोषाध्यक्ष आनंद औरंगाबादकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नेशनल हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट को मध्य भारत की सबसे बड़ी और आधुनिक चिकित्सा संस्थाओं में शामिल करने की योजना है। 23 मंजिला इस अस्पताल भवन में हेलिपैड की सुविधा होगी और एयर एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को तेज और प्रभावी बनाया जा सकेगा। अस्पताल में अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं के साथ अंग प्रत्यारोपण केंद्र और बर्न वार्ड भी स्थापित किए जाएंगे। संस्था के सचिव शैलेश जोगळेकर ने बताया कि मरीजों को बेहतर और विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से अंग प्रत्यारोपण सुविधाओं पर ध्यान दिया जाएगा।
इस परियोजना का डिजाइन सिंगापुर की प्रसिद्ध वास्तु विशेषज्ञ संस्था द्वारा तैयार किया गया है, जिसमें मेडिकल प्लानिंग को प्राथमिकता दी गई है। यह अस्पताल लगभग पांच लाख वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित किया जाएगा और नागपुर सहित पूरे मध्य भारत के मरीजों की जरूरतों को ध्यान में रखकर इसकी रूपरेखा तैयार की गई है।
अस्पताल में मल्टी स्पेशलिटी और सुपर स्पेशलिटी के तहत जेरियाट्रिक रूमेट्रोलॉजी, हृदय एवं रक्तवाहिका उपचार, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, खेल चिकित्सा, प्लास्टिक और पुनर्निर्माण सर्जरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही यहां चिकित्सा शिक्षा के लिए स्नातकोत्तर और सुपर स्पेशलिटी पाठ्यक्रमों की पूर्ण व्यवस्था भी की जाएगी।
कार्यक्रम का स्वागत संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट सुनील मनोहर और सचिव शैलेश जोगळेकर ने किया, जबकि संचालन और आभार प्रदर्शन मेघा दीक्षित द्वारा किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों और अन्य आमंत्रित अतिथियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।