
मुंबई, 2 जून। मुंबई पुलिस की साकीनाका एंटी-नारकोटिक्स टीम ने नशे के कारोबार पर अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए गुजरात में संचालित मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस संयुक्त अभियान में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब 74.97 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ, रसायन तथा अत्याधुनिक उपकरण जब्त किए हैं। इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मामले की शुरुआत 21 मई 2026 को हुई, जब साकीनाका पुलिस ने अंधेरी-घाटकोपर लिंक रोड स्थित पेनिनसुला होटल के सामने एक महिला को 101 ग्राम मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला की पहचान मुस्कान समीर खान (26) के रूप में हुई, जो ओला-उबर चालक के रूप में काम करती थी। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि उसने यह ड्रग मुंब्रा निवासी वजुल कमर अबुल वफा चौधरी उर्फ पप्पू से खरीदी थी।
इस जानकारी के आधार पर एंटी-नारकोटिक्स टीम ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और गोपनीय सूचनाओं की मदद से जांच का दायरा बढ़ाया। 26 मई को पुलिस ने आरोपी चौधरी को शिलफाटा क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ऐसा खुलासा किया, जिसने जांच को नया मोड़ दे दिया।
चौधरी ने बताया कि गुजरात के नर्मदा जिले के वरखड़ गांव, राजपीपला-नांदोद क्षेत्र में किराए के मकान में अवैध रूप से मेफेड्रोन तैयार किया जा रहा था। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम ने गुजरात पहुंचकर छापा मारा और वहां चल रही गुप्त ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया।
छापे के दौरान पुलिस को करीब 20.040 किलोग्राम लिक्विड मेफेड्रोन बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 74.46 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में रसायन, जिनमें 2-Bromo-4-methylaniline, 4-Methylpropiophenone, Monomethylamine, Bromine और Chloroform शामिल हैं, भी जब्त किए गए। फैक्ट्री से तीन स्टिरर मशीनें, दो कमर्शियल टैंक, पांच गोलाकार फ्लास्क और अन्य धातु उपकरण भी बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में कुल 20.141 किलोग्राम मेफेड्रोन, बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ, निर्माण उपकरण और मोबाइल फोन सहित 74.97 करोड़ रुपये मूल्य का माल जब्त किया जा चुका है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के तार किन-किन राज्यों और अंतरराष्ट्रीय गिरोहों से जुड़े हैं।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साकीनाका पुलिस की विशेष टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और इसके पीछे मौजूद अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।