बदलापुर तक दौड़ेगी मेट्रो की रफ्तार! , दो चरणों में साकार होगी मेट्रो-14 परियोजना

शिलफाटा से बदलापुर को मिलेगी प्राथमिकता, लाखों यात्रियों को जाम से राहत की उम्मीद

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई महानगर क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी और सार्वजनिक परिवहन पर बढ़ते दबाव के बीच मेट्रो-14 परियोजना को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अब दो चरणों में पूरा करने की दिशा में काम तेज किया जा रहा है। पहले चरण में शिलफाटा से बदलापुर तक लगभग 25 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है, जिससे बदलापुर और उसके आसपास रहने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित योजना के अनुसार, मेट्रो-14 का शुरुआती हिस्सा मेट्रो-12ए के कुछ मार्ग के समानांतर विकसित किया जाएगा। इससे बदलापुर, निलजे, घणसोली, महापे और शिलफाटा जैसे तेजी से विकसित हो रहे इलाकों को आधुनिक और तेज सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ा जा सकेगा। माना जा रहा है कि इस परियोजना के शुरू होने से सड़क यातायात पर दबाव कम होगा और यात्रियों का सफर अधिक सुगम बन सकेगा।

शुरुआत में इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन निजी क्षेत्र से अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिलने के कारण अब इसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मॉडल के तहत चरणबद्ध तरीके से पूरा करने पर विचार किया जा रहा है।

परियोजना का दूसरा चरण और भी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। इसके तहत शिलफाटा से कांजुरमार्ग तक मेट्रो लाइन का विस्तार प्रस्तावित है। इस हिस्से में ठाणे खाड़ी के नीचे सुरंग निर्माण जैसी जटिल इंजीनियरिंग प्रक्रिया को अंजाम देना होगा। साथ ही पर्यावरणीय मंजूरियां और तकनीकी स्वीकृतियां मिलने में समय लगने की संभावना भी जताई जा रही है।

मेट्रो-14 की आर्थिक और तकनीकी व्यवहार्यता का आकलन करने तथा संभावित यात्री संख्या का अध्ययन करने के लिए एक विशेषज्ञ सलाहकार समिति गठित करने की तैयारी चल रही है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर अंतिम खाका तैयार किया जाएगा।

परियोजना पूरी होने के बाद बदलापुर, ठाणे, नवी मुंबई और मुंबई के पूर्वी उपनगरों के बीच संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले लाखों यात्रियों को ट्रैफिक जाम और समय की बर्बादी से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। मेट्रो-14 को मुंबई महानगर क्षेत्र की भविष्य की परिवहन जरूरतों के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

Related posts

गर्मी में राहत का देसी नुस्खा! गुड़ और सौंफ की मलाईदार लस्सी देगी स्वाद के साथ ठंडक का अहसास

शिक्षा में एआई का धमाका! यूपीईएस-गूगल मिलकर बनाएंगे ‘फ्यूचर कैंपस’

प्रधानाध्यापक की मौत से दहला सोलापुर, 1.80 करोड़ के घाटे ने ली चार जिंदगियां! शेयर बाजार में डूबे सपने, उजड़ गया पूरा परिवार