कोयते के वार, फिर दो बार मौत को गले लगाने की कोशिश… पालघर कांड में गहराया रहस्य

मुंबई। पालघर में राजस्व विभाग की एक महिला कर्मचारी पर हुए सनसनीखेज हमले ने अब महज एक आपराधिक वारदात से आगे बढ़कर रहस्यमयी मोड़ ले लिया है। दिनदहाड़े कोयते से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी अमोल मुले पुलिस की गिरफ्त में तो आ गया, लेकिन गिरफ्तारी से पहले उसके द्वारा दो बार आत्महत्या का प्रयास किए जाने से इस पूरे मामले ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसा कौन-सा सच है, जिससे आरोपी इतना भयभीत था कि कानून का सामना करने के बजाय मौत को गले लगाने की कोशिश करता रहा?

12 जून की शाम पालघर शहर के गोल्ड सिनेमा परिसर के निकट स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय में राजस्व सहायक के पद पर कार्यरत 27 वर्षीय स्नेहल सावंत पर पीछे से हमला किया गया। आरोपी ने गर्दन, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले पालघर ग्रामीण अस्पताल और बाद में बोईसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद फरार हुए अमोल मुले की तलाश में स्थानीय अपराध शाखा समेत कई पुलिस टीमें जुट गईं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुरू हुई जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। पुलिस के अनुसार, फरारी के दौरान आरोपी ने पहले केलवा बीच के पास फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूट जाने से उसकी जान बच गई। इसके बाद उसने कथित रूप से जहर खाकर फिर आत्महत्या की कोशिश की।

पुलिस ने उसे वरखुंटी क्षेत्र से अर्धचेतन अवस्था में हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि स्नेहल सावंत और अमोल मुले पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और हाल के दिनों में किसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हालांकि, अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अब पूरे पालघर जिले की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। हर कोई उस सच्चाई के सामने आने का इंतजार कर रहा है, जो इस खूनी हमले और उसके बाद आरोपी की दोहरी आत्महत्या की कोशिशों के पीछे छिपी हुई है।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान