Home ताजा खबर“सड़कों पर उतरेगी एनसीपी”, जनता के मुद्दों पर आक्रामक रुख, संगठन को मिलेगी नई धार

“सड़कों पर उतरेगी एनसीपी”, जनता के मुद्दों पर आक्रामक रुख, संगठन को मिलेगी नई धार

by trilokvivechana
0 comments

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में नई सक्रियता के संकेत देते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) ने जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरने का बड़ा ऐलान किया है। प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने साफ कहा कि पार्टी अब केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सीधे मैदान में उतरकर संघर्ष करेगी। शिंदे ने कहा, “हमारे कार्यकर्ता आज भी पूरी मजबूती से पार्टी के साथ खड़े हैं। जनता के सवालों को प्राथमिकता देते हुए हम हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।” उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में राज्यभर में आंदोलन, दौरे और जनसंपर्क अभियान तेज किए जाएंगे।
पार्टी संगठन को धार देने के लिए व्यापक पुनर्गठन प्रक्रिया भी शुरू की गई है। शिंदे के अनुसार, सभी जिलों में बैठकों का दौर जारी है और सांसद सुप्रिया सुले की मौजूदगी में विभिन्न सेल की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जल्द ही मुंबई में भी प्रमुख बैठकों का आयोजन होगा, जहां सक्रिय और सक्षम कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
चुनावी रणनीति पर बोलते हुए शिंदे ने बताया कि राज्य और जिला स्तर की समीक्षा पूरी हो चुकी है। कुछ जिलों में संगठनात्मक बदलाव के सुझाव सामने आए हैं, जिन पर पार्टी की शीर्ष समिति के साथ विचार-विमर्श कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह तैयार है और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। राजनीतिक घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिंदे ने समरजीत घाटगे के भाजपा में शामिल होने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घाटगे ने पहले पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ा, लेकिन बाद में भाजपा में चले गए, जो राजनीतिक स्थिरता और प्रतिबद्धता पर सवाल खड़ा करता है।
सातारा के मुद्दे पर भी पार्टी सक्रिय होने की तैयारी में है, हालांकि शिंदे ने कहा कि अन्य दलों की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी हर मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी रहेगी। इस नई रणनीति के जरिए राष्ट्रवादी कांग्रेस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करने के लिए तैयार है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह आक्रामक रुख राज्य की राजनीति में नए समीकरण बना सकता है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00