
नीट परीक्षा से जुड़े हालिया घटनाक्रम और परीक्षा रद्द होने की स्थिति ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को मानसिक रूप से प्रभावित किया है। कई छात्र निराशा, भ्रम और असमंजस की स्थिति में हैं, जबकि अभिभावकों के मन में भी परीक्षा प्रक्रिया को लेकर कई आशंकाएं हैं। ऐसे समय में सबसे अधिक आवश्यकता सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और संयम बनाए रखने की है।
री-नीट परीक्षा को केवल एक दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा के रूप में नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर साबित करने के एक नए अवसर के रूप में देखना चाहिए। जो छात्र पहले किसी कारणवश अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, उनके लिए यह सुनहरा मौका है कि वे अपनी तैयारी को और मजबूत बनाकर बेहतर अंक हासिल करें। निराशा और चिंता सफलता की राह में सबसे बड़ी बाधा होती हैं, इसलिए विद्यार्थियों को नकारात्मक विचारों से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहना चाहिए।
नीट जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षा में अंतिम दो सप्ताह अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। इस समय नए विषयों को पढ़ने की बजाय पहले से पढ़े गए पाठ्यक्रम का गहन पुनरावलोकन अधिक लाभदायक होता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस अवधि में नियमित रिवीजन, मॉक टेस्ट और कमजोर विषयों को मजबूत करने पर ध्यान देने से परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है।
जीवविज्ञान विषय में एनसीईआरटी की पुस्तकों का गहराई से अध्ययन सबसे प्रभावी रणनीति है। अध्यायों की महत्वपूर्ण अवधारणाएं, चित्र और तथ्यात्मक जानकारी बार-बार दोहराने से सफलता की संभावना बढ़ जाती है। रसायन विज्ञान में भौतिक, कार्बनिक और अकार्बनिक तीनों भागों का संतुलित अध्ययन जरूरी है। विशेष रूप से महत्वपूर्ण सूत्रों, अभिक्रियाओं और एनसीईआरटी आधारित तथ्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
वहीं भौतिकी में नए अध्यायों की शुरुआत करने के बजाय महत्वपूर्ण सूत्रों, संख्यात्मक प्रश्नों और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास अधिक उपयोगी साबित होता है। समय प्रबंधन और प्रश्नों को हल करने की गति बढ़ाने के लिए नियमित मॉक टेस्ट देना आवश्यक है।
विशेषज्ञों का कहना है कि केवल पढ़ाई ही सफलता की गारंटी नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को पर्याप्त नींद लेनी चाहिए, संतुलित भोजन करना चाहिए और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों तथा नकारात्मक चर्चाओं से दूरी बनाए रखनी चाहिए।
आज आवश्यकता इस बात की है कि परिवार, शिक्षक, समाज, सरकार और मीडिया सभी मिलकर विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाएं। री-नीट को संकट नहीं, बल्कि अवसर के रूप में प्रस्तुत किया जाए। यदि छात्र आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी जारी रखते हैं, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी। यह परीक्षा केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि धैर्य, विश्वास और संकल्प की भी परीक्षा है। जो विद्यार्थी इन गुणों के साथ आगे बढ़ेंगे, उनके लिए सफलता का द्वार अवश्य खुलेगा।

चंद्रवीर बंशीधर यादव (समाजसेवी शिक्षाविद्)