मामूली विवाद में छात्र की गोली मारकर हत्या, दिनदहाड़े वारदात से प्रयागराज में सनसनी

प्रयागराज। गंगानगरी प्रयागराज में अपराधियों के हौसले एक बार फिर इतने बुलंद हो गए कि दिनदहाड़े एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। होलागढ़ थाना क्षेत्र के तोड़ीकापुरवा गांव में रविवार दोपहर हुए इस सनसनीखेज कांड ने पूरे इलाके को दहला दिया।

जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय हिमांशु आईटीआई का छात्र था। बताया जा रहा है कि बाइक टकराने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि गांव के ही युवक साहिल यादव ने आपसी कहासुनी के दौरान हिमांशु पर गोली चला दी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद उसके दो दोस्तों ने किसी तरह गंभीर हालत में हिमांशु को एसआरएन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।

परिजनों ने आरोपी साहिल यादव के खिलाफ नामजद तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक की मां के अनुसार, हिमांशु और आरोपी एक ही कोचिंग में पढ़ते थे और दोनों के बीच पहले से ही तनाव और रंजिश चल रही थी। कोचिंग में हुए विवाद के बाद यह रंजिश और गहरी होती गई, जो अंततः इस दर्दनाक घटना में बदल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। डीसीपी गंगानगर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोचिंग विवाद और पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन छानबीन जारी है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही पुलिस मृतक के दो दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है, जो घटना के समय मौजूद थे।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने प्रयागराज की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली विवाद का इस तरह हिंसक रूप ले लेना न केवल चिंताजनक है, बल्कि युवाओं में बढ़ती आक्रामकता और हथियारों तक आसान पहुंच पर भी सवाल उठा रहा है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Related posts

मुंबई एयरपोर्ट पर ‘ऑपरेशन गोल्डन ड्रॉप’,ट्रांजिट यात्रियों के जरिए हो रही थी सोना तस्करी, डीआरआई ने 4.8 करोड़ का विदेशी सोना जब्त किया

‘जहां देवालय, वहां विद्यालय’ : डूंगरपुर में संस्कार और शिक्षा का नया संगम

समुद्र सफाई में बीएमसी की हाईटेक पहल, गेटवे ऑफ इंडिया और बधवार पार्क में उतारी गई मानव रहित इलेक्ट्रिक बोट, रोजाना 90 किलो तक तैरता कचरा हो रहा साफ