मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली सेंट्रल रेलवे की लोकल सेवा एक बार फिर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ाने जा रही है। विद्याविहार स्टेशन पर मध्य फुटओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए रेलवे प्रशासन ने 15 से 18 मई के बीच विशेष रात्रिकालीन ट्रैफिक और पावर ब्लॉक की घोषणा की है। इस ब्लॉक के चलते कई लोकल ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा, कुछ सेवाएं रद्द रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा।
रेलवे के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर देर रात सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ने वाला है। खासतौर पर कुर्ला से भांडुप सेक्शन के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ब्लॉक यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जरूरी है।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक 15/16 मई की रात 1.15 बजे से 4.15 बजे तक, 16/17 मई की रात 12.10 बजे से सुबह 4.40 बजे तक और 17/18 मई की रात 1.15 बजे से 3.05 बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक कुर्ला स्टेशन से भांडुप सेक्शन के बीच विभिन्न लाइनों पर लागू रहेगा।
सबसे बड़ा असर 16/17 मई की रात देखने को मिलेगा, जब अप और डाउन स्लो लाइन के साथ फास्ट, पांचवीं और छठी लाइन पर भी ब्लॉक रहेगा। इसके चलते छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कर्जत जाने वाली कई डाउन स्लो लोकल ट्रेनों को माटुंगा और मुलुंड के बीच फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान विद्याविहार, कांजूरमार्ग और नाहूर स्टेशनों पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी।
वहीं कसारा, बदलापुर, कर्जत और अंबरनाथ से आने वाली कई अप स्लो सेवाओं को भी फास्ट लाइन पर मोड़ा जाएगा। यात्रियों को अतिरिक्त झटका देते हुए कुछ देर रात की लोकल सेवाएं पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं। ठाणे-कुर्ला, ठाणे-सीएसएमटी और सीएसएमटी-ठाणे मार्ग की कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
इसके अलावा कुछ एसी लोकल ट्रेनों को कुर्ला स्टेशन तक ही सीमित कर दिया गया है, जबकि डोंबिवली से चलने वाली एक लोकल को ठाणे स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा। कुछ ट्रेनों के शुरुआती स्टेशन भी बदले गए हैं, जिससे यात्रियों को यात्रा से पहले समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।
हालांकि राहत की बात यह है कि मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर इस ब्लॉक का कोई असर नहीं पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह कार्य भविष्य में बेहतर और सुरक्षित यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।